घटना

एकतरफा प्यार में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने नीचे उतरते ही दबोचा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

रविवार को इटाढ़ी थाना के पसहरा गांव में पत्नी से झगड़े के बाद बिजली के खंभे पर चढ़े एक युवक की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि सोमवार को औद्योगिक थाना इलाके में एक और सनसनीखेज प्रेम-प्रसंग सामने आया। इस बार बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़कर एक युवक ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।

दोपहर करीब 11:30 बजे मां शिवरात्रि अस्पताल के पास स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़े इस युवक को उतारने के लिए स्थानीय नागरिकों और औद्योगिक थाना पुलिस ने लगातार दो घंटे तक जान-जोखिम भरा प्रयास किया। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में करीब एक घंटे की लगातार कोशिशों के बाद जब थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने युवक की मांग मानने का आश्वासन दिया, तभी वह नीचे उतरा। लेकिन जैसे ही उसके पैर जमीन पर पड़े, सिमरी थाना पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया और पहले दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा विवाद?

गिरफ्तार युवक की पहचान भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना अंतर्गत पिपरपाती गांव निवासी जितेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। जितेंद्र का आरोप है कि इंस्टाग्राम के माध्यम से सिमरी थाना क्षेत्र की एक लड़की से उसकी दोस्ती हुई। रिश्तेदारी के कारण दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और चार महीने पहले दोनों घर से भागकर आरा कोर्ट में शादी कर ली।

उसके बाद लड़की के परिवारीजनों ने औपचारिक विवाह और दहेज का वादा देकर लड़की को घर वापस ले गए, लेकिन अब जितेंद्र को उससे मिलने नहीं दे रहे हैं। उल्टा सिमरी थाने में उसके खिलाफ झूठे आरोपों में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जितेंद्र ने दावा किया कि लड़की गर्भवती है और उसके हाथ पर उसका नाम भी गुदवाया गया है।

दूसरी ओर, लड़की के बयान के आधार पर सिमरी पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर रखी है। इसमें जबरन साथ ले जाने, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने और लड़की के पिता को धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी में कहा गया है कि नवंबर 2025 में जितेंद्र ने दो रिश्तेदारों के साथ दिल्ली में नौकरी दिलाने का लालच देकर लड़की को घर से ले गया, जहां उसकी नीयत खराब हो गई। बाद में लड़की किसी तरह भागकर सिमरी पहुंची और 10 मार्च को सिमरी थाने में कांड संख्या 59/26 के तहत शिकायत दर्ज कराई।

इसी मुकदमे में जितेंद्र को सोमवार को टावर से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आगे की जांच में जुटी हुई है।

Comment here