अपराध

बाजार में खरीदारी कर रहे युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

डुमरांव अनुमंडल के केसठ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात अपराधियों ने नया बाजार में एक युवक पर गोली चला दी। घायल युवक को सीने में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

घायल युवक की पहचान रामपुर पंचायत के दसियांव गांव निवासी भृगुनाथ दुबे के 24 वर्षीय पुत्र प्रिंसी दुबे उर्फ मंगल दुबे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रिंसी दुबे शाम के समय केसठ बाजार में खरीदारी कर रहे थे। तभी अचानक अज्ञात अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली बाएं सीने में लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस का परिचय देते हुए घायल प्रिंसी को संभाला और आनन-फानन में आरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली सीने में लगी है और हालत गंभीर है। इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दसियांव गांव में भी चिंता और तनाव का वातावरण है। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। न परिजनों ने और न ही पुलिस ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद की पुष्टि की है। पुलिस आपसी रंजिश, पुराने झगड़े या अन्य आपराधिक कारणों की जांच कर रही है। बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है ताकि अपराधियों की शिनाख्त हो सके।

सूचना मिलते ही केसठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। लोगों से पूछताछ की गई और सुराग जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे आरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां इलाज चल रहा है। पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।”

इस घटना के बाद केसठ बाजार और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि वारदात के समय बाजार में काफी भीड़ थी, फिर भी अपराधी बेखौफ होकर फायरिंग कर फरार हो गए। इससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Comment here