द जनमित्र डेस्क
नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को हुई लंबी वार्ता के बाद सफाई मित्रों ने अपना बहिष्कार समाप्त कर दिया और काम पर लौट आए। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी कुमार ऋत्विक, चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी, सशक्त स्थाई समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, अंजू सिंह, भाकपा-माले के मजदूर नेता संजय कुमार शर्मा, एनजीओ प्रतिनिधि कुंदन शर्मा तथा कई सफाई मित्र मौजूद रहे।

भाकपा-माले नेता संजय कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में हुए समझौते के अनुसार 1 जनवरी 2026 से दैनिक मानदेय में 100 रुपये की वृद्धि कर 528 रुपये करने का प्रावधान था, लेकिन सफाई एजेंसी के साथ हुए एग्रीमेंट में संशोधन संभव न होने के कारण यह तत्काल लागू नहीं हो सका। इससे नाराज सफाई मित्रों ने मंगलवार को काम का बहिष्कार कर दिया था, जिसके परिणामस्वरूप शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कूड़ा-कचरे के ढेर लग गए थे।
लगभग 24-25 घंटे बाद हुई वार्ता में सहमति बनी कि अप्रैल माह में होने वाले नए टेंडर में सफाई कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि का प्रावधान किया जाएगा। इस बीच फरवरी और मार्च माह के लिए पीएफ कटौती के बाद न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये दैनिक तथा पुराने सफाई कर्मियों को 450 रुपये दैनिक देने का फैसला हुआ।
वार्ता में सफाई मित्रों की ओर से करण, सागर, मुकेश, गीता देवी, नजमुल निशा, मोहन समेत कई अन्य कर्मी भी शामिल थे। समझौते के बाद सफाई व्यवस्था सामान्य हो गई है।


Comment here