द जनमित्र डेस्क
जिला प्रशासन ने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सड़कों के किनारे अवैध रूप से रखी गई निर्माण सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पूर्व में जारी नोटिस और समाचार पत्रों के माध्यम से दिए गए निर्देशों के बावजूद अनुपालन न करने वालों पर अब विभागीय टीम ने हाथ साफ किया।

खनन विभाग ने आज आईटीआई फील्ड रोड क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सड़क किनारे रखी लगभग 720 क्यूबिक फीट बालू और 540 क्यूबिक फीट गिट्टी (स्टोन चिप्स) को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में नगर परिषद बक्सर का भी पूरा सहयोग मिला।
निरीक्षण में पाया गया कि सड़क किनारे न केवल निजी व्यक्तियों की, बल्कि विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों (संवेदकों) की सामग्री भी रखी गई थी। इनमें पथ निर्माण विभाग सहित अन्य सरकारी कार्यों की सामग्री शामिल थी। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों को दोबारा सख्त निर्देश जारी किए हैं कि निर्माण सामग्री केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही रखी जाए, ताकि यातायात में बाधा न पहुंचे और दुर्घटना का खतरा न बढ़े।
जिला प्रशासन ने बालू-गिट्टी के विक्रेताओं और व्यवसायियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे बिना वैध K लाइसेंस के भंडारण या बिक्री न करें। ऐसा पाए जाने पर सामग्री जब्त करने के साथ विधिसम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुरक्षा, सड़क यातायात की सुगमता और आमजन के हितों की रक्षा करना है। सभी नागरिकों, ठेकेदारों और संबंधित विभागों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां पूरी पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया के तहत जारी रहेंगी।


Comment here