द जनमित्र डेस्क
नए साल के पहले दिन बक्सर में उत्साह, उमंग और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। गंगा और ठोरा नदी के संगम पर फैले रेतीले इलाके को लोगों ने विशाल पिकनिक स्पॉट में तब्दील कर दिया। ठंडी हवाओं और सुनहरी धूप के बीच परिवारों, दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ हजारों लोग यहां जुटे।

संगम स्थल पर लोगों ने चटाई बिछाकर पिकनिक मनाई। कई जगहों पर चूल्हे जलाकर ताजा खाना बनाया गया, तो कुछ लोग घर से लाए पकवानों का लुत्फ उठाते नजर आए। युवा सेल्फी और फोटो खींचने में मशगूल रहे, जबकि बच्चे रेत पर खेलते और पतंग उड़ाते दिखे। पूरा इलाका हंसी-खुशी और उत्सव के रंग में रंग गया।
शहर के सिपाही घाट स्थित खेल मैदान भी नववर्ष के जश्न का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन तैयार किए गए। ढोल, म्यूजिक सिस्टम और मोबाइल स्पीकर पर बजते गीत-संगीत पर युवक-युवतियां थिरकते नजर आए। कुछ स्थानों पर अंताक्षरी, खेलकूद और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ, जिसने माहौल को और जीवंत बना दिया।
नववर्ष की शुरुआत आध्यात्मिक रूप से करने वालों की कमी नहीं थी। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे और पवित्र स्नान किया। स्नान के बाद आसपास के मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई तथा परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। मंदिरों में घंटियों की गूंज और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रशासन की तरफ से सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख पिकनिक स्थलों, घाटों और जश्न वाली जगहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि लोग निश्चिंत होकर उत्सव मना सकें। साथ ही सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है।


Comment here