द जनमित्र डेस्क
बक्सर में इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग और क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज के मुद्दे पर शुक्रवार को हुए चक्काजाम के दौरान पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय समेत कई कांग्रेस नेताओं और संयुक्त संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों की तुरंत रिहाई की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने और क्षतिग्रस्त रेल ओवरब्रिज की मरम्मत की मांग पिछले तीन महीने से लोकतांत्रिक तरीके से की जा रही है। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल दानापुर मंडल रेल प्रबंधक से भी मिल चुका है, लेकिन समस्या का कोई ठोस हल नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों लोगों की रोजमर्रा की परेशानी के बावजूद प्रशासन और रेलवे विभाग पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।

डॉ. वर्धन के अनुसार ओवरब्रिज का उद्घाटन होने के महज कुछ दिनों बाद ही वह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते रेलवे गुमटी बंद कर दी गई। इससे शहर के एक बड़े हिस्से का संपर्क कट गया है। गुमटी के दूसरी तरफ स्थित स्कूल, कॉलेज, गांव और बाजारों तक पहुंचने में छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और आम लोगों को रोज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि जब जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय, वरिष्ठ नेता हरिशंकर त्रिवेदी और संयुक्त संघर्ष समिति के सरोज राजभर समेत अन्य लोगों ने रेल चक्काजाम के जरिए जनहित की आवाज उठाई तो पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया। पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करने की बजाय आंदोलनकारियों पर कार्रवाई करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
बक्सर के पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने भी प्रशासन और रेल अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए सभी आंदोलनकारियों को बिना शर्त तत्काल रिहा किया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो इस जनहित के मुद्दे पर और बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और रेल प्रशासन की होगी।
प्रदेश कांग्रेस ने अपनी तीन प्रमुख मांगें दोहराई हैं—इटाढ़ी रेलवे गुमटी तुरंत खोली जाए, क्षतिग्रस्त रेल ओवरब्रिज की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए और हिरासत में लिए गए सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को बिना शर्त तुरंत रिहा किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों की अनदेखी होती रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Comment here