द जनमित्र डेस्क
बक्सर प्रखंड के करहंसी प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति (पैक्स) के अध्यक्ष पद के चुनाव में बबन साह ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गुड़िया देवी को सिर्फ पांच वोटों से पराजित किया। बबन साह को कुल 517 मत मिले, जबकि गुड़िया देवी को 512 वोट प्राप्त हुए। यह चुनाव बेहद रोमांचक और कांटे का रहा, जिसमें अंतिम क्षण तक नतीजे अनिश्चित बने रहे।
सोमवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दोपहर पांच बजे तक वोटिंग पूरी होने के बाद बक्सर प्रखंड मुख्यालय पर मतगणना शुरू हुई। गिनती देर रात करीब एक बजे तक चली। अंतिम परिणाम घोषित होते ही बबन साह को विजेता घोषित कर दिया गया। इस खबर के साथ उनके समर्थक खुशी से झूम उठे और जश्न का माहौल बन गया।

जीत के बाद बबन साह ने समर्थकों और मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने गांव के सरपंच अखिलेश चौबे को अपनी सफलता का पूरा श्रेय देते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। बबन साह ने कहा, “यह जीत मेरी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे गांव और किसान भाइयों की सामूहिक जीत है।”
उन्होंने आगे संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि पैक्स संस्था के जरिए किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को और मजबूत बनाया जाएगा। उनकी प्राथमिकता सूची में खाद-बीज की समयबद्ध आपूर्ति, फसल खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और किसानों को उचित दाम दिलाना शामिल है। बबन साह ने आश्वासन दिया कि पैक्स को किसानों की हितरक्षा के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय मंच बनाया जाएगा।


Comment here