अपराध

अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर गिरफ्तार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बक्सर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राजपुर थाना क्षेत्र से दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह जानकारी एसडीपीओ गौरव पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के कौआ खोंच इलाके में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की गई।

संदिग्ध बाइक सवार नजर आए, भागने की कोशिश की
चेकिंग के दौरान एक लाल रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। सिपाहियों की त्वरित कार्रवाई से दोनों को दबोच लिया गया।

तलाशी में मिले लोडेड देसी कट्टे और कारतूस
पकड़े जाने पर संतोषजनक जवाब न मिलने से पुलिस ने उनकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक लोडेड देसी कट्टा और कुल दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगासागर राजभर (पिता बुजनाथ राजभर, निवासी जलीलपुर, थाना राजपुर) और अजीत राम (पिता शिवनारायण राम, निवासी बाबनबांध, थाना धनसोई, जिला बक्सर) के रूप में हुई।

हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता कबूल
पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने बरामद हथियारों, कारतूसों और हीरो होंडा मोटरसाइकिल के साथ दोनों को गिरफ्तार कर राजपुर थाना में कांड संख्या 09/26 दर्ज किया है।

अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि बक्सर पुलिस अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

यह कार्रवाई जिले में बढ़ते अवैध हथियारों के कारोबार पर पुलिस की सख्ती को दर्शाती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऐसे अभियानों से अपराधियों में दहशत है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

Comment here