राजनीति

सत्ता नहीं, बदलाव का संकल्पः तथागत हर्षवर्धन

Spread the love

द जनमित्र | शशि

जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सभी दल जोर-शोर से जुट गए हैं। बक्सर से लेकर पूरे बिहार में एनडीए, महागठबंधन, जन सुराज और बसपा के नेता कार्यकर्ता सम्मेलनों और बैठकों के जरिए अपनी ताकत दिखा रहे हैं। जहां एक तरफ दल एक-दूसरे की कमियां उजागर करने में लगे हैं, वहीं अपनी उपलब्धियों और वादों को जनता के सामने रखकर समर्थन बटोरने की होड़ में हैं।

जन सुराज पार्टी के शाहाबाद प्रभारी तथागत हर्षवर्धन ने गुरुवार को बक्सर में एक प्रेस वार्ता में कहा कि उनकी पार्टी सत्ता की भूखी नहीं है। उनका एकमात्र मकसद है बिहार को नई दिशा देना। हर्षवर्धन ने कहा कि जन सुराज की ‘बिहार बदलाव यात्रा’ अब लोगों के दिलों में जगह बना चुकी है और इसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव में साफ दिखेगा।

उन्होंने सत्ताधारी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। हर्षवर्धन ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग जन सुराज से डर रहे हैं, वही इसे “वोटकटवा” जैसे नाम दे रहे हैं। उन्होंने तथ्य सामने रखते हुए बताया कि पार्टी के गठन के महज एक महीने बाद हुए उपचुनाव में जन सुराज को 10 फीसदी वोट मिले थे।

टिकट न मिलने पर भी चमका जन सुराज
हर्षवर्धन ने बताया कि एमएलसी चुनाव में जन सुराज समर्थित उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी, भले ही बाद में उन्हें पार्टी का टिकट न मिला हो। इसके बावजूद पार्टी ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि महागठबंधन की स्थिति सबके सामने थी।

बक्सर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की बात करते हुए हर्षवर्धन ने बताया कि यह यात्रा संभावित उम्मीदवारों के नेतृत्व में होगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे और पंचायत स्तर पर सभाएं करेंगे। यह यात्रा 5 से 7 दिन तक चलेगी, जिसका मकसद है जनता से सीधा जुड़ाव और पार्टी के संकल्प को हर दिल तक पहुंचाना।

‘परिवार लाभ कार्ड’ लाएगा बदलाव
हर्षवर्धन ने ‘परिवार लाभ कार्ड’ का जिक्र करते हुए बताया कि यह कार्ड हर जरूरतमंद परिवार तक सीधे लाभ पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल भविष्य में बिहार के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी।

Comment here