स्थानीय

घर से भागे दो किशोर उन्नाव से बरामद

Spread the love

द जनमित्र | शशि

राजपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव के दो नौजवान, प्रेम प्रकाश और पंकज कुमार, घर से भागकर दिल्ली की राह पकड़ने की फिराक में थे। उन्नाव में ट्रेन पकड़ते वक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की पैनी नजर ने उन्हें पकड़ लिया। कम उम्र के लड़कों का अकेले सफर करना RPF को खटका। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम और गांव का ब्योरा दिया—प्रेम प्रकाश, पिता चुनमुन राम और पंकज कुमार, पिता सुमेश्वर राम, तारनपुर, राजपुर, बक्सर।


RPF ने तुरंत उनके परिवार वालों से संपर्क किया और सख्त हिदायत दी कि बच्चों को लेने आधार कार्ड और पंचायत मुखिया से लिखित कागजात लेकर आना होगा, वरना दोनों को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया जाएगा। खबर मिलते ही परिजनों की जान में जान आई, जो दो दिन से अनहोनी के डर से सहमे थे।
बताया जाता है कि ये दोनों नौजवान घर से भागकर बाहर कमाई का सपना देख रहे थे। लेकिन RPF की सतर्कता ने उनकी जिंदगी को गलत रास्ते पर जाने से बचा लिया। परिवार वाले अब राहत की सांस ले रहे हैं, और RPF की तारीफ करते नहीं थक रहे।