राजकाज

महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बक्सर में महिला सशक्तिकरण के लिए ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

बक्सर के प्राथमिक विद्यालय शेरपुर, पंचायत चुरामनपुर में जिलाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन के साथ महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने और उनकी आकांक्षाओं को साझा करने के लिए यह नवाचारात्मक कार्यक्रम जीविका से जुड़े सभी ग्राम संगठनों के माध्यम से गांव-गांव में आयोजित होगा।
बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ चुरामनपुर पंचायत के शेरपुर गांव की ओर रवाना हुआ। जिले की 136 ग्राम पंचायतों के 925 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में राजपुर, ब्रह्मपुर, चौसा, डुमरांव, सिमरी, नावानगर और बक्सर सदर प्रखंडों में 18 अप्रैल से यह शुरू हो चुका है। इसमें गांव की सभी महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को चिह्नित कर प्राथमिकता तय करने का अवसर प्रदान करना, समस्याओं का त्वरित समाधान करना, नीति-निर्धारण में उनकी आकांक्षाओं को शामिल करना, लाभार्थी महिलाओं के अनुभव साझा करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और उत्थान के लिए कई कदम उठाए हैं। 2016 में लागू की गई पूर्ण शराबबंदी और 2021 में शुरू हुई मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना इसके कुछ उदाहरण है। और भी कई कदम उठाए गए हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। साथ ही कार्यक्रम में सरकार के कार्यों को वीडियो फिल्म के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक स्थल पर जागरूकता वाहन तैनात होंगे, जिनमें बड़े टीवी स्क्रीन पर योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित होगी। आठ जागरूकता वाहनों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार होगा।

Comment here