द जनमित्र । विमल यादव। 9431092766
बक्सर: डुमराव रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई यह घटना बीते रविवार दोपहर 11:52 बजे के लगभग घटी. दानापुर मंडल के आरा बक्सर के बीच डुमराव स्टेशन के पास मालगाड़ी की तीन बोगियां बेपटरी हो गई. इस दौरान तेज आवाज हुई जिससे आसपास के लोग सकते में आ गए. बताया जा रहा है कि ट्रेन का चक्का जाम होने के कारण बोगियां पटरी से नीचे उतर गई. इससे आग की लपटें निकलने लगी. इस ट्रेन में मौजूद गार्ड एवं ड्राइवर ने अपने सूझबूझ से आग पर काबू पाया. इसके बाद वरीय अधिकारियों को तुरंत इसकी सूचना दी गई. इस घटना के बाद डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया.


रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के समीप हुई इस घटना के कारण ट्रेनों के साथ बिक्रमगंज डुमरांव एनएच पर भी वाहनों का परिचालन ठप हो गया. रेलवे ने आनन-फानन में ट्रेनों के आवागमन से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया. रेलवे के अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शाम चार बजकर 12 मिनट पर डाउन लाइन को पूरी तरह ट्रेनों के परिचालन के लायक बना दिया गया. इसके बाद बारी-बारी से जहां-तहां फंसी ट्रेनों को निकाला गया. रेलवे के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से कोलकाता जा रही मालगाड़ी को रविवार को डुमरांव स्टेशन पर शंट किया जा रहा था. मालगाड़ी को डाउन मेन लाइन से लूप लाइन में लाया जा रहा था.तभी, तेज आवाज के साथ अचानक ट्रेन के इंजन से पहला डिब्बा छोड़ तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. इसके कारण रेलवे गुमटी भी जाम हो गयी. साथ ही डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया. डिरेल की सूचना पर एडीआरएम और चीफ सेफ्टी ऑफिसर शिव कुमार प्रसाद सहित बचाव दल के लोग दानापुर से डुमरांव पहुंचे.लगभग चार घंटे कर्मियों के मशक्कत करने पर डुमरांव में अप मेन लाइन से डाउन की ट्रेनों को पास कराया गया. इस दुर्घटना में किसी तरह के जानमाल की क्षति नहीं हुई है. वही 03204 पंडित दीन दयाल उपाध्याय-पटना पैसेंजर स्पेशल चौसा में, 19483 अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस चौसा में, 20802 नई दिल्ली इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस दिलदारनगर में, 03650 बनारस-बक्सर पैसेंजर स्पेशल दरौली में फंसी रही. भीषण गर्मी में जहां तहां ट्रेनों के फंसे होने से यात्री भूख प्यास से परेशान हो रहे थे. बच्चो और महिलाओं को तो और भी परेशानी का सामना करना पड़ा. देर शाम पटना पहुंचे यात्रियों ने बताया कि इस दौरान जगह-जगह स्टेशनों पर खड़ी ट्रेनों की बोगी में अवैध वेंडरों की चहलकदमी देखने को मिला. अवैध वेंडरों द्वारा मनचाही कीमतों पर पानी व खाने की सामानों को बेची गई.


Comment here