द जनमित्र डेस्क
दुर्गापूजा के मौके पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा 11 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक चुनिंदा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जाएगा।

प्लान के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक के बीच केवल दोपहिया वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। थाना चौक से नाथबाबा पुल, पांडेयपट्टी रेलवे गुमटी से मठिया मोड़ तथा थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड और मठिया मोहल्ला पुल तक सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। मुनीम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक और सिंडिकेट से जमुना चौक के रास्ते पर भी यातायात नियंत्रित रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि पूजा अवधि में चार पहिया वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल न करें।
चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। गोलंबर से बाइपास होकर ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया तक एक रूट उपलब्ध रहेगा। दूसरा मार्ग गोलंबर से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी तक निर्धारित किया गया है।
वाहन पार्किंग के लिए सात जगहें चिह्नित की गई हैं। इनमें सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल परिसर, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के निकट समाहरणालय से रेलवे पटरियों की ओर जाने वाली सड़क का दाहिना हिस्सा और बाजार समिति शामिल हैं। इन स्थानों पर चार पहिया, ऑटो और मोटरसाइकिल खड़ी की जा सकेंगी। किला मैदान के पीछे केवल दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा रहेगी।
17 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर मध्यरात्रि तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। मरीजों को ले जाने वाले वाहन, एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस पाबंदी से छूट मिलेगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे टिकट लेकर ही घर से निकलें। पुलिस ने सभी नागरिकों से दुर्गापूजा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।

Comment here