द जनमित्र डेस्क
बक्सर। आने वाले त्योहारों के मद्देनजर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक अक्टूबर से शुरू इस अभियान में अब तक 452 वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं। इन वाहनों से कुल 28 लाख 47 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

परिवहन विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान 28 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
अभियान के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने, क्षमता से अधिक सामान ले जाने तथा छत पर यात्री बिठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा और परमिट जैसे दस्तावेजों की भी जांच हो रही है। तेज गति से वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी सख्ती बरती जा रही है।

Comment here