द जनमित्र डेस्क
बक्सर नगर परिषद ने सोमवार को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया। इस मौके पर परिषद के 68 सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरमैन कमरुन निशा ने की। इसमें उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद और परिषद के अधिकारी भी शामिल हुए।
स्वास्थ्य टीम ने कर्मियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, खून, आंख और दांत की जांच की। जरूरत पड़ने पर मुफ्त दवाएं दी गईं और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
चेयरमैन कमरुन निशा ने बताया कि परिषद सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। काम के दौरान दस्ताने, मास्क, जूते और सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगे चलकर इन कर्मियों के लिए बीमा सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी लागू करने की योजना है।
यह शिविर स्वच्छ भारत मिशन और सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका मकसद कर्मियों को संक्रमण और काम के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से बचाना है। परिषद की ओर से बताया गया कि अब हर तीन महीने पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में सभी सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके योगदान को सराहा और स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। शिविर के जरिए कर्मियों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके सामाजिक योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।

Comment here