घटना

पानी प्लांट संचालक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर के मुफस्सिल थाना इलाके में एक पानी प्लांट के संचालक पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक महिला ने उन पर शराब के प्रभाव में दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर अपने पति के सिर पर लोहे की रॉड से वार करने का आरोप लगाया है। यह घटना 18 सितंबर की शाम की बताई जा रही है।

महिला ने महिला थाने में इस बाबत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू करने की पुष्टि की है।

महिला का आरोप है कि वह और उसका पति उसी पानी प्लांट में काम करते थे। 18 सितंबर की शाम प्लांट संचालक विकास श्रीवास्तव नशे की हालत में वहां आए। महिला को अकेला पाकर उन्होंने गलत इरादे से हरकत शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया और चीख-पुकार मचाई। आवाज सुनकर उसका पति मौके पर पहुंच गया और संचालक को टोका। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

महिला के मुताबिक विरोध करने पर विकास श्रीवास्तव ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाकर उसके पति के सिर पर जोरदार वार किया। चोट लगने से पति के सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद संचालक ने प्लांट का ताला लगा दिया और वहां से निकल गए। महिला का दावा है कि उस वक्त वह, उसका पति और छोटा बच्चा अंदर फंस गए थे। जाते समय संचालक ने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मार डालने की धमकी भी दी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि संचालक ने कई महीनों से मजदूरी नहीं दी है। उसके हिसाब से उसकी करीब चार महीने की 32 हजार रुपये और पति की लगभग 72 हजार रुपये मजदूरी बकाया है।

दूसरी ओर आरोपी विकास श्रीवास्तव ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि असल विवाद करीब डेढ़ लाख रुपये के हिसाब-किताब और पैसे के लेनदेन को लेकर है। उन्होंने दावा किया कि इस लेनदेन से जुड़े सबूत उनके पास मौजूद हैं। पति के सिर में चोट कैसे आई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी, ऐसा उन्होंने कहा।

विकास श्रीवास्तव का यह भी कहना है कि महिला और उसके पति को उनके ससुर ने घर से निकाल दिया था, जिसके बाद दोनों उनके प्लांट में रहने लगे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि महिला ने पहले अपने ससुर पर भी इसी तरह के आरोप लगाए थे।

महिला का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर महिला थाने गई तो आवेदन लेने में देरी की गई और आवेदन स्वीकार होने के बाद भी रसीद नहीं दी गई।

महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comment here