स्थानीय

सड़क पर एयर इंडिया का विमान देखकर लोग हैरान

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर में शनिवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला जब ट्रेलर पर लदा एयर इंडिया का विमान राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलता दिखा। यह विमान बक्सर-पटना मार्ग एनएच-922 से होते हुए लखनऊ की ओर जा रहा था। दलसागर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर थोड़ी देर रुका तो आसपास के लोग और राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर पास आ गए। देखते-देखते टोल प्लाजा के आसपास भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल निकालकर फोटो-वीडियो बनाने लगे, कुछ ने सेल्फी ली तो कुछ ने सोशल मीडिया पर लाइव भी किया। सड़क पर पूरा विमान देखकर ऐसा लग रहा था मानो आसमान से उतरा हवाई जहाज सड़क पर आ गया हो।


ट्रेलर चालक ने बताया कि विमान पटना से लखनऊ ले जाया जा रहा है। विमान का आकार बड़ा होने के कारण टोल प्लाजा से निकलने में थोड़ा समय लगा और इस दौरान यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर विमान को करीब से निहारने लगे।
ट्रेलर पर रखा विमान एयरबस ए-319-112 था जिस पर रजिस्ट्रेशन नंबर वीटी-एससीके अंकित था। इसका निर्माण 2007 में जर्मनी के हैमबर्ग में हुआ था। लंबे समय तक यह एयर इंडिया के बेड़े में रहा और यात्री सेवाएं देता रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2019 में इसने दिल्ली-पटना रूट पर भी उड़ान भरी थी। इसकी आखिरी उड़ान 15 दिसंबर 2019 को हुई थी। विमान में कुल 122 सीटें थीं जिनमें आठ बिजनेस क्लास और 114 इकोनॉमी क्लास की थीं। यह दो इंजन वाला विमान था।
जानकारी के अनुसार विमान पहले कोलकाता में रखा गया था। बाद में एक कंपनी ने इसे कबाड़ के रूप में खरीद लिया और पटना लाया गया। कंपनी विमानों के डिस्मेंटलिंग, परिवहन और दोबारा जोड़ने का काम करती है। अब यह विमान सेवा से बाहर हो चुका है। इसके पंख और इंजन पहले ही हटा दिए गए हैं। अप्रैल 2024 में इसे स्क्रैप कर दिया गया था।
सेवामुक्त विमानों के हिस्सों का उपयोग कई जगह रेस्तरां, थीम पार्क या अन्य आकर्षण के रूप में भी होता है। इसी सिलसिले में यह विमान ट्रेलर पर एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। दलसागर टोल प्लाजा पर रुकने से बक्सर में यह चर्चा का विषय बन गया। आसमान में उड़ते विमान को देखने वाले लोग जब उसे सड़क पर इतने करीब देख रहे थे तो कैमरे निकाल लिए। कुछ देर बाद ट्रेलर आगे बढ़ गया लेकिन सड़क पर खड़े विमान का नजारा लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया।

Comment here