द जनमित्र डेस्क
इटाढ़ी रेलवे गुमटी के फुट ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर ले जाने के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद यह घटना सामने आई थी, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक यात्रियों के लिए बने फुट ओवरब्रिज पर वाहन चढ़ाते नजर आ रहा था।

रेलवे सुरक्षा बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज की। आरपीएफ पोस्ट बक्सर द्वारा कांड संख्या 28/26 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 159 में यह मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की पहचान 39 वर्षीय रामजी यादव के रूप में हुई है। वह बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बेरी गांव का रहने वाला है।
फुट ओवरब्रिज यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए बनाया जाता है। इस पर ट्रैक्टर जैसे भारी वाहन चढ़ाना न सिर्फ रेलवे नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि पुल को नुकसान पहुंचाने और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कदम भी है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
बक्सर के एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि चालक के खिलाफ रेलवे थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।
रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों में निर्धारित नियमों का पालन करें और फुट ओवरब्रिज समेत अन्य सार्वजनिक संरचनाओं का इस्तेमाल सिर्फ उनके तय उद्देश्य के लिए ही करें। अधिकारियों ने साफ कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए निगरानी और सख्ती दोनों बढ़ाई जाएगी। रेलवे सुरक्षा बल भी मामले की जांच आगे बढ़ा रहा है।

Comment here