द जनमित्र डेस्क
बक्सर के दक्षिणी रेलवे कॉलोनी में शनिवार देर रात रेलकर्मी महेंद्र तिर्की के घर में चोरी हो गई। चोरों ने करीब साढ़े आठ लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। चुराए गए सामान में साढ़े तीन लाख रुपये नकद, लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और एक मोबाइल फोन शामिल हैं। घटना रात करीब दो बजे के आसपास हुई बताई जा रही है।

महेंद्र तिर्की पिछले करीब नौ साल से बक्सर में रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर काम कर रहे हैं। परिवार जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था। इसी वजह से साढ़े तीन लाख रुपये नकद घर में रखे गए थे। करीब पांच लाख रुपये के गहनों पर कर्ज लेकर अतिरिक्त पैसे जुटाने की योजना थी। नकदी और गहने एक बैग में सुरक्षित रखे गए थे। देर रात चोर उसी बैग को लेकर भाग निकले।
पीड़ित ने बताया कि संभवतः छत का दरवाजा खुला रह गया होगा। चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। सुबह उठने पर बैग और मोबाइल गायब मिले। तभी घटना का पता चला। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जय तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की और पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।
रेलकर्मी ने मुफस्सिल थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की कोशिश जारी है। मुफस्सिल आउटपोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है और जांच चल रही है।

Comment here