स्थानीय

डुमरांव में छात्र-युवाओं ने जंतर मंतर आंदोलन को दिया समर्थन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के डुमरांव नगर में 20 जुलाई 2026 को भाकपा माले, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के संयुक्त बैनर तले पेपर लीक और शिक्षा में फैले भ्रष्टाचार के विरुद्ध आक्रोश दिवस मनाया गया।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसका नेतृत्व कामरेड अजीत कुमार सिंह, नवीन कुमार, धर्मेंद्र सिंह यादव, बाबूलाल राम और प्रभात ने किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के भंग होने, नई शिक्षा नीति 2020 को खत्म करने और पेपर लीक के कारण हुई छात्र आत्महत्याओं की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर तीखे नारे लगाए।

जुलूस में “मोदी सरकार शर्म करो”, “अनशनकारी सोनम वांगचुक और छात्रों से बात करो”, “आंदोलनकारी युवाओं के प्रति संवेदना दिखाओ” और “छात्र-युवा संघर्ष जिंदाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारी जंतर मंतर पर चल रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन के प्रति एकजुटता भी जताते दिखे।

जुलूस बाद में नगर पालिका कार्यालय के सामने सभा में बदल गया। सभा का संचालन भाकपा माले के केंद्रीय कमिटी सदस्य और बक्सर जिला सचिव नवीन कुमार ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्र-युवा पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था में गहरी सड़ांध के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने लोकतंत्र में साहस का नया संचार किया है और पूरे देश में इसका समर्थन बढ़ रहा है।

आरवाईए राज्य कमिटी सदस्य धर्मेंद्र यादव, नगर कमिटी सदस्य सर्वेश पांडे और सीपीआई नेता केदार यादव ने भी संबोधन दिया।

विदित हो कि पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक, आइसा राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, मनीष और आमीन समेत कई छात्र-छात्राएं 23 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। दो अनशनकारियों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है, लेकिन केंद्र सरकार अब तक चुप्पी साधे बैठी है और किसी भी स्तर पर वार्ता के लिए आगे नहीं आई है।

सूत्रों के अनुसार पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनके चलते 20 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या कर ली। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि वे देश का भविष्य हैं।

इस मौके पर आइसा जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, अंबेडकर छात्रावास अध्यक्ष लक्ष्मण भारती, आरवाईए नेता बाबूलाल राम, प्रभात, रिंकू कुरैशी, पीयूष यादव, कृष्णा राम, देवेंद्र कुशवाहा, बंटी पटेल, मनोज राम, अखलाक, अरविंद यादव, शैलेन्द्र पासवान, नासिर हसन और अन्य दर्जनों छात्र-युवा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comment here