स्थानीय

बारिश ने दी गर्मी से निजात, किसान खुश

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर। सोमवार को जिले में हुई तेज बारिश ने उमस और लू की मार झेल रहे लोगों को बड़ी राहत दी। करीब एक घंटे तक चली झमाझम वर्षा के बाद मौसम एकदम सुहावना हो गया और तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय लोग इसे इस सीजन की पहली सार्थक मानसूनी बारिश मान रहे हैं।

बक्सर कृषि विज्ञान केंद्र के वर्षा मापी यंत्र के मुताबिक पूरे जिले में 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इस पानी से खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं, लेकिन शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई।

पुलिस चौकी इलाके, चीनी मिल परिसर, पीसी कॉलेज के आसपास और बक्सर-रोहतास मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो गया, जिससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का अलग असर देखने को मिला। इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत उनुवास गांव में अचानक बिजली गिरने से दो गायों की मौत हो गई। इस हादसे से स्थानीय पशुपालक बेहद आहत हैं और उन्होंने प्रशासन से तुरंत मुआवजे की मांग की है।

मौसम विभाग के अनुसार, जिले में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रही। विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। मंगलवार 30 जून को रात और सुबह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोपहर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि शाम के वक्त तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका है।

मौसम विभाग ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम में सतर्क रहें, खुले में न निकलें और बिजली चमकने पर सुरक्षित जगह पर शरण लें। हालांकि किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो रही है, लेकिन अगर लगातार वर्षा हुई तो जलजमाव की समस्या और बढ़ सकती है।

Comment here