घटना

सड़क हादसे में दो युवक भाइयों की दर्दनाक मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

मंगलवार सुबह ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के देवकुली गांव के निकट आरा-बक्सर फोरलेन पर एक दिल दहला देने वाला सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की भयंकर टक्कर में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही जान चली गई। दोनों भाई अपनी छोटी बहन की आगामी शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए निकले थे।

मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत करनामेपुर (लालू के डेरा) गांव निवासी बृज बिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान (20) और मुन्ना पासवान (22) के रूप में हुई है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई सुबह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर लह्ठान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवकुली के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी विकराल थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद दोनों भाइयों के शव सड़क पर ही पड़े रहे, जिससे आरा-बक्सर फोरलेन पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर लगातार भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और ट्रैफिक प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण बार-बार ऐसे हादसे हो रहे हैं। ट्रक चालक दुर्घटना के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ब्रह्मपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश में छापेमारी कर रही है।

परिजनों पर टूट पड़ा दुखों का पहाड़

जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां मातम का माहौल छा गया। रोते-चिल्लाते परिजनों का हाल देखने लायक था। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की रौनक होने वाली थी, वहां अचानक शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों की बहन की शादी 7 मई को तय थी। 3 मई को तिलक और 6 मई को हल्दी समारोह रखा गया था। शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस अनहोनी ने सारी खुशियां छीन लीं।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ब्रह्मपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comment here