राजकाजस्थानीय

बक्सर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन, जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी विद्यानंद सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर डीएम और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने परेड की सलामी ली। समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष मधुबाला देवी, डीडीसी, एसडीओ सदर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम में बिहार सशस्त्र पुलिस, महिला पुलिस, बिहार रक्षा वाहिनी, एसएसबी के जवानों के साथ एनसीसी और स्काउट्स के सदस्यों ने शानदार मार्च पास्ट किया। किला मैदान में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
डीएम ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां
अपने संबोधन में जिलाधिकारी विद्यानंद सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और जिले की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बक्सर राजस्व मामलों में बिहार में चौथे स्थान पर है। दाखिल-खारिज, शराब विनष्टीकरण, आयुष्मान कार्ड, नल-जल योजना और गरीबों के लिए आवास योजना की प्रगति पर प्रकाश डाला। साथ ही, मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा की।
शासकीय कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया। समाहरणालय में डीएम और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी शुभम आर्य ने ध्वजारोहण किया। एसपी ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस एक विशेष और महत्वपूर्ण दिन है। स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें यह देश सौंपा है, जिसे सहेजना हमारी साझा जिम्मेदारी है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
शाम 5:00 बजे से नगर भवन, बक्सर में जिला प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के विद्यालयों, सांस्कृतिक संस्थानों और स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य और एकांकी नाटक के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी।
कड़े सुरक्षा इंतजाम
स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। किला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वालों की सघन तलाशी ली गई। यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।
बक्सर में स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देशभक्ति और उत्साह का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Comment here