राजकाज

बक्सर में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित

Spread the love

द जनमित्र | शशि

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के तहत जिले में 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस सूची में कुल 12 लाख 83 हजार 615 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जिले में 6 लाख 76 हजार 647 पुरुष मतदाता, 6 लाख 6 हजार 957 महिला मतदाता और 11 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अपर समाहर्ता एवं वरीय पदाधिकारी निर्वाचन, उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडेय, राजद अध्यक्ष शेषनाथ सिंह, जदयू प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह, सीपीआई(एम) प्रतिनिधि धीरेन्द्र कुमार चौधरी, आरएलएसपी प्रतिनिधि अर्जुन कुशवाहा और सीपीआई(एमएल) प्रतिनिधि जगनारायण शर्मा प्रमुख थे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस बार मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। बैठक के दौरान सभी दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है: ब्रह्मपुर में 1 लाख 80 हजार 839 पुरुष, 1 लाख 60 हजार 539 महिला और 2 थर्ड जेंडर के साथ कुल 3 लाख 41 हजार 380 मतदाता; बक्सर में 1 लाख 50 हजार 63 पुरुष, 1 लाख 35 हजार 477 महिला और 4 थर्ड जेंडर के साथ कुल 2 लाख 85 हजार 544 मतदाता; डुमरांव में 1 लाख 70 हजार 513 पुरुष, 1 लाख 51 हजार 196 महिला और 3 थर्ड जेंडर के साथ कुल 3 लाख 21 हजार 712 मतदाता; तथा राजपुर (अ.जा.) में 1 लाख 75 हजार 232 पुरुष, 1 लाख 59 हजार 745 महिला और 2 थर्ड जेंडर के साथ कुल 3 लाख 34 हजार 979 मतदाता।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और जिला कार्यालय में निरीक्षण हेतु उपलब्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन करें और आगामी चुनाव में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Comment here