शिक्षा

श्री राम-जानकी सरस्वती विद्या मंदिर आश्रम स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

नया बाजार स्थित श्री राम-जानकी सरस्वती विद्या मंदिर आश्रम में विद्यालय का वार्षिकोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम अविनाश कुमार के दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एसडीएम श्री अविनाश कुमार के साथ आश्रम के महंत श्री राजाराम शरण जी महाराज, प्रबंधक सरोज कुमार झा और प्रधानाचार्य डॉ रविरंजन सिंह मंच पर विराजमान रहे।

वार्षिकोत्सव में बच्चों ने गीत, नृत्य, नाटक और स्किट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

प्रधानाचार्य डॉ रविरंजन सिंह ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पमाला व चादर भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा एक प्राचीन और पवित्र रिश्ता है तथा बच्चे ही देश का भविष्य हैं।

मुख्य अतिथि एसडीएम अविनाश कुमार ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-कर्मचारियों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Comment here