स्थानीय

राम नवमी को लेकर प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

Spread the love
रामनवमी के पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए आज, 05 अप्रैल 2025 को बक्सर में जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य के नेतृत्व में एक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में हुआ, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और मॉडल थाना के थानाध्यक्ष भी शामिल थे। मार्च मॉडल थाना से शुरू होकर यमुना चौक, हनुमान फाटक, खलासी मोहल्ला, ज्योति चौक, बाजार समिति, नई बाजार और मठिया मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरा। शांति बनाए रखने के लिए 05 अप्रैल की सुबह से 06 अप्रैल तक, जब तक स्थिति सामान्य रहेगी, दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
30 मार्च 2025 से चैत नवरात्र शुरू हो चुका है, जिसके चलते मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। इसी दिन से हिंदू नव वर्ष भी शुरू होता है और इस मौके पर हिंदू समुदाय कई धार्मिक आयोजन करता है। 06 अप्रैल को रामनवमी का त्योहार मनाया जाएगा, जिसमें सुबह 2:00 बजे घरों में कलश स्थापना होगी और लोग रामनवमी का जुलूस निकालेंगे।
पुलिस और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जुलूस और शोभा यात्रा के रास्तों पर लगातार गश्त करते रहें और स्थिति पर नजर रखें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डीजे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया है। कई डीजे जब्त किए गए हैं और संचालकों को चेतावनी दी गई है कि रामनवमी के जुलूस में डीजे का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, वरना कड़ी कार्रवाई होगी।
पर्व के दौरान जिले की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए समाहरणालय बक्सर में एक जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो 24 घंटे तीन पालियों में काम करेगा। इसका फोन नंबर 06183-223333 है। खास तौर पर शोभा यात्रा के समय यह कंट्रोल रूम पूरी सतर्कता से काम करेगा। महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।

Comment here