डुमराँव में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का जायजा लेने पहुंचे विधायक.
कहा सांसद अश्विनी चौबे जबरदस्ती क्रेडिट लेने का नहीं करे प्रयास. बिहार सरकार के फंड से बन रहा है यह अस्पताल.
द जनमित्र । विमल यादव
बक्सर: बीते शुक्रवार को डुमराँव विधायक डॉ अजीत कुमार सिंह ने डुमराँव में निर्माण हो रहे मेडिकल कालेज और अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में वहां काम कर रहे इंजीनियरों और काम करा रही कम्पनी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि काम मे किसी भी प्रकार की कमी बर्दास्त नहीं की जाएगी. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह बक्सर जिला वासियों का बहुप्रतीक्षित सपना था जो अब पूरा हो रहा है.

इस अस्पताल के निर्माण के लिए दो बार विधानसभा में सवाल उठाया गया और कई बार मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सह स्वास्थ मंत्री से आग्रह करने के पश्चात इस अस्पताल का काम शुरू हुआ है. आगे विधायक ने कहा कि स्थानीय सांसद ने पिछले पाँच वर्षों में एक भी काम बक्सर जिला में नहीं किया है अब वो जबरदस्ती अस्पताल का क्रेडिट लेने की कोशिश कर रहे है. जनता सब जानती है इस अस्पताल के लिए बिहार सरकार ने 500 करोड़ रुपया दिया है अभी तक केंद्र की ओर से किसी भी प्रकार का कोई मदद नहीं मिला है.

निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लगे सभी कर्मियों का पेमेंट भुगतान ससमय हो तथा उनकी सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित किया जाय. एल एन्ड टी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए डुमराँव विधायक ने कहा कि बिल्डिंग के निर्माण में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए . मेडिकल कॉलेज में काम कर रहे कंपनी के कर्मियों का हिम्मत बढ़ाते हुए विधायक ने कहा कि किसी तरह की समस्याएं आने पर हमें सूचित करें हम पूरी तरह से सहयोग करने के लिए तैयार हैं.


Comment here