स्थानीय

वामन द्वादशी और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था बदली

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिला पुलिस ने वामन द्वादशी की पूजा तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से 20 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार 22 और 23 सितंबर को नगर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी।

खास तौर पर 23 सितंबर को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर सभी श्रेणी के वाहनों की आवाजाही या तो पूर्णतः बंद रहेगी या कड़ा नियंत्रण लागू रहेगा। पुलिस ने बताया कि आईटीआई चौराहे से मठिया मोड़, एयरपोर्ट चौराहा, सेंट्रल जेल मोड़ और ठोरा पुल होते हुए ताड़का नाच क्षेत्र तक का रास्ता प्रभावित रहेगा। इसी प्रकार आईटीआई मोड़ से डीएवी चौराहा, ज्योति चौक, बस स्टैंड और सिंडिकेट मोड़ होते हुए गोलंबर तक तथा गोलंबर से अहिरौली, कठकौली मोड़, चुरामनपुर व पड़री मोड़ की दिशा में जाने वाले मार्गों पर निर्धारित अवधि में यातायात प्रतिबंध रहेगा।

चार पहिया वाहनों, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। इनमें गोलंबर से सेमरीपुर पुल, मठिया पुल, मुनीम चौक, जमुना चौक और ठठेरी बाजार होते हुए पुलिस चौकी तक का रास्ता शामिल है। पुलिस चौकी से रामरेखा घाट, पीपी रोड और मुनीम चौक की ओर जाने के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है।

मंदिर और घाट की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस चौकी से नाथ बाबा पुल, जेल मोड़, सुमेश्वर नाथ मंदिर, वामन देव मंदिर, सिपाही घाट और तीन मोहानी घाट तक पहुंचने का अलग रूट तय किया गया है। वहीं पुलिस चौकी से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक, रेलवे स्टेशन और इटाढ़ी गुमटी की दिशा में आने-जाने वालों के लिए भी निर्धारित मार्ग से आवागमन की सुविधा दी गई है।

शहर में वाहनों की पार्किंग के लिए चार स्थान चिन्हित किए गए हैं। किला मैदान और बाजार समिति परिसर में ट्रैक्टर, पिकअप सहित छोटी-बड़ी गाड़ियों को खड़ा किया जा सकेगा। सिपाही घाट पर छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों की पार्किंग रहेगी जबकि रेलवे स्टेशन के पास माल गोदाम के सामने मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, ट्रक और चार पहिया वाहनों के लिए जगह उपलब्ध रहेगी।

मरीजों, एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री क्षेत्रों से छूट दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से निजी चार पहिया वाहन लेकर शहर में न निकलें।

इसके अलावा वामन द्वादशी और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए 22 सितंबर रात आठ बजे से 23 सितंबर रात दस बजे तक बक्सर शहर में बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने सभी से निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Comment here