द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले में रात के समय शराब की एक बड़ी खेप को बिहार में घुसाने की कोशिश पुलिस ने नाकाम कर दी। वीर कुंवर सिंह ऊपरी पुल पर वाहन जांच के दौरान एक डाक पार्सल वाहन संदिग्ध लगने पर रोका गया। तलाशी में वाहन से हरियाणा में बनी विदेशी शराब के 95 कार्टन बरामद हुए। कुल मात्रा 844.20 लीटर बताई गई है जबकि बाजार मूल्य करीब दस लाख रुपये आंका गया है।

सब-इंस्पेक्टर प्रिंस कुमार की अगुवाई में रात के घंटों में पुल पर नियमित चेकिंग चल रही थी। तभी पुलिस की नजर एक डाक पार्सल वाहन पर पड़ी। संदेह होने पर उसे रोककर सामान की जांच शुरू की गई। अंदर रखे सामान के बीच छिपाई गई शराब की पेटियां नजर आईं। इसके बाद वाहन को कब्जे में लेकर पूरी तलाशी ली गई और शराब की पूरी खेप बरामद कर ली गई।
मौके पर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। दोनों लुधियाना के रहने वाले हैं। इनमें कुमकुला निवासी 25 वर्षीय नवदीप सिंह और इंदर कुमार शामिल हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह शराब जालंधर से पूर्णिया पहुंचाई जा रही थी। तस्करों ने डाक पार्सल वाहन का इस्तेमाल इसलिए किया ताकि सामान्य सामान की आड़ में खेप आसानी से बिहार पहुंच जाए।
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि जालंधर में शराब किसने दी थी और पूर्णिया में इसकी डिलीवरी किसे करनी थी। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। रात की इस कार्रवाई से शराब तस्करों के नए तरीके का भी खुलासा हुआ है। पुलिस दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे तस्करी तंत्र की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

Comment here