द जनमित्र डेस्क
रविवार को कला भवन में जिला प्रशासन और जिला पावरलिफ्टिंग संघ के संयुक्त प्रयास से जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता शुरू हुई। जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। करीब सोलह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिले में यह आयोजन हुआ, जिससे खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सिर्फ पदक हासिल करने का जरिया नहीं है। यह अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल विकसित करता है तथा स्वस्थ समाज की नींव रखता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने की अपील की और खेल को जीवन का अहम हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि खेल युवाओं को सही दिशा दिखाता है और नशामुक्त जीवन का संदेश देता है। जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन और जिला खेल पदाधिकारी के सहयोग से लंबे समय बाद यह आयोजन संभव हो सका। इससे जिले के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा और आगे चलकर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों, शिक्षण संस्थानों और व्यायामशालाओं के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और खेल भावना साफ नजर आई।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त, सदर एसडीएम, सदर एसडीपीओ, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और जिला खेल पदाधिकारी आलोक नारायण वत्स समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comment here