द जनमित्र डेस्क
बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय टाइगर ने बक्सर में हालिया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के धंसने की घटना को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों इस पूरे प्रकरण पर नजर रखे हुए हैं। जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बक्सर के अतिथि गृह में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने जोर देकर कहा कि किसी भी विकास परियोजना में कोताही या लापरवाही बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। “पुल बन रहे हैं, इसलिए कभी-कभी गिरने की घटनाएं भी हो रही हैं, लेकिन सरकार किसी भी तरह की अनदेखी या चूक को बर्दाश्त नहीं करेगी,” उन्होंने कहा।
मंत्री ने यह भी सुनिश्चित किया कि हर निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग जल्द ही जांच रिपोर्ट सौंपेगा, जिसके आधार पर आगे के कदम उठाए जाएंगे।
संजय टाइगर ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार अपराध व भ्रष्टाचार के मामलों में सख्ती बरत रही है। जीरो टॉलरेंस का आशय यह नहीं कि ये समस्याएं पूरी तरह खत्म हो गई हैं, बल्कि इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को सरकारी संरक्षण नहीं मिलेगा। अपराधियों और भ्रष्ट तत्वों के खिलाफ कानून का पूरा इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने विकास योजनाओं में पारदर्शिता और मजबूत कानून व्यवस्था को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया।
मंत्री बक्सर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी प्रकाश डाला। पीएम मोदी के एक बयान का हवाला देते हुए संजय टाइगर ने कहा, “भारत अब न तो आंखें झुकाकर बात करता है और न आंखें दिखाकर, बल्कि आत्मविश्वास के साथ आंख मिलाकर दुनिया से संवाद करता है।”
उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी घोषणा करते हुए मंत्री संजय टाइगर ने बताया कि बिहार के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि एक जुलाई से इन नए कॉलेजों में कक्षाएं शुरू हो सकें। इसके लिए सभी जिलों के प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
उन्होंने बताया कि शहरी इलाकों में ढाई एकड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच एकड़ जमीन कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित की जा रही है। संजय टाइगर ने जोर दिया कि उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना सरकार का मिशन है, ताकि छात्रों को बेहतर पढ़ाई के लिए शहरों की ओर न भागना पड़े।


Comment here