घटना

मथुरा में ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध मौत: नाले से बरामद शव

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक ट्रक ड्राइवर की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव गांव के 40 वर्षीय वशिष्ठ यादव का शव कोसीकलां क्षेत्र के एक नाले से निकाला गया। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को फेंकने की मजबूत संभावना जताई जा रही है।

घटना गुरुवार शाम की है, जब आगरा-दिल्ली राजमार्ग की सर्विस लेन पर आर्य नगर गली नंबर-2 के पास स्थानीय लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक की जेब से बरामद आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान वशिष्ठ यादव के रूप में हुई।

मामला और उलझ गया जब घटनास्थल के पास एक बंद बॉडी ट्रक खड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, ट्रक दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था, लेकिन सर्विस लेन पर दिल्ली दिशा में खड़ा था। चालक की तरफ की खिड़की बंद थी, जबकि सहायक चालक वाली खिड़की खुली हुई थी। सबसे अहम बात यह कि ट्रक के एक टायर के नीचे ईंट रखी हुई पाई गई, जिसे सबूत मिटाने या दुर्घटना का भ्रम फैलाने की कोशिश माना जा रहा है।

मथुरा पुलिस ट्रक के नंबर के आधार पर पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जैसे ही यह खबर वशिष्ठ यादव के गांव नवाडेरा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। वशिष्ठ यादव अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं।

मृतक के दोस्त गोविंद यादव उर्फ खोखी यादव, राजेंद्र यादव, कमलेश यादव और विवेक यादव समेत कई लोग मथुरा पहुंच गए हैं।

जनशक्ति जनता दल के जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, सख्त सजा और परिवार को उचित मुआवजा व सरकारी मदद देने की मांग की है।

पुलिस मामले को संवेदनशील मानते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है।

Comment here