द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में एक विवाह समारोह के दौरान नृत्य करने आई युवती के साथ बेहद निर्मम सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात बारात के कार्यक्रम के बाद गांव के कुछ युवकों ने 22 वर्षीय नर्तकी को जबरन उठाकर पास के बधार इलाके में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद आरोपियों ने बेहोश हालत में युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सुबह गांववासी जब शौच के लिए निकले तो मठिया के पास बेहोश पड़ी युवती को देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत राजपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया और होश में आने पर सदर अस्पताल भेजकर मेडिकल जांच कराई।
पीड़िता ने होश में आते ही गांव के कुछ युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि नर्तकी कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र से कार्यक्रम के लिए बुलाई गई थी। रामपुर निवासी शिवपूजन राजभर के यहां बारात आई हुई थी।
**तीन युवक हिरासत में**
पुलिस ने इस मामले में शिवपूजन राजभर समेत तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। थानाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि शीघ्र ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़िता की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पूरे मामले की जांच तेजी से चल रही है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


Comment here